संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सदर थाना के तहत के तहत कृष्णानगर में चोरी के आरोप में धरे गए दोनों आरोपी युवक ड्रग टेस्ट में चिट्टे के आदी पाए गए हैं। इन दोनों आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
21 जुलाई को थाना सदर में शिकायतकर्ता हिना निवासी कृष्णानगर ने शिकायत दी थी कि रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने इनके घर में घुसकर कैमरे तोड़े थे और कंप्यूटर व कुछ नकदी चुराकर अपने साथ ले गया था। चोरी के आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। इस आधार पर आरोपियों की पहचान हुई और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी सूरज शर्मा निवासी कृष्णानगर और आरोपी ललित ठाकुर निवासी गांव कोलहडी झनियारा तहसील व जिला हमीरपुर से चोरी किए गए कंप्यूटर का सीपीयू बरामद कर लिया है। आरोपियों से चोरी किए गए बर्तन, पर्स की रिकवरी की प्रक्रिया जारी है। घर से चोरी लैपटॉप को आरोपियों ने बेच दिया है।
वहीं, आरोपी सूरज के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस और लड़ाई-झगड़े के पांच केस पहले से ही दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस ने दोनों आरोपियों के ड्रग टेस्ट किए हैं, जिसमें प्रारंभिक जांच में दोनों चिट्टे के आदी पाए गए हैं। इनकी रक्त की जांच के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। यहां पर अंतिम पुष्टि होने के बाद नशे के सेवन पर अलग से केस दर्ज किए जाने का प्रावधान है। आरोपियों ने नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।