हमीरपुर। तीन दिवसीय राष्ट्र स्तरीय सुजानपुर होली उत्सव का शुभारंभ 7 मार्च को तीन बजे केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे। उनके साथ पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे। पहली सांस्कृतिक संध्या कोलकाता की प्रसिद्ध गायक संचिता भट्टाचार्य और पंजाबी गायक अमृत मान के नाम रहेगी। शाम साढ़े तीन बजे शोभा यात्रा निकाली जाएगी और मुरली मनोहर मंदिर में पूजा अर्चना के साथ मेले का विधिवत श्रीगणेश होगा। जबकि, 10 मार्च को होली मेले के समापन समारोह में वन मंत्री गोबिंद ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
अंतिम सांस्कृतिक संध्या बॉलीवुड गायक ममता शर्मा के बेहतरीन आइटम गानों मुन्नी बदनाम हुई और टिंकू जिया...आदि गानों का दर्शक लुत्फ उठा सकेंगे। ममता शर्मा इस उत्सव की सबसे महंगी कलाकार होंगी, जिस पर प्रशासन तेरह लाख रुपये खर्च कर रहा है। 8 मार्च को दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक करण औजला दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दिन में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। 9 मार्च को तीसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी कलाकारों के नाम रहेगी। दिन में डॉग शो का आयोजन भी होगा। वीरवार को हमीर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में होली मेला कमेटी के चेयरमैन एवं उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि 10 मार्च को चौगान में होली खेली जाएगी। जिसमें केवल ऑर्गेनिक रंगों का ही इस्तेमाल होगा। जबकि, बाहरी राज्यों के केमिकल वाले रंगों का बिल्कुल भी प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। पहली सांस्कृतिक संध्या रात 12 बजे तक चलेगी, जबकि शेष तीन सांस्कृतिक संध्याएं रात दस बजे तक ही चलेंगी। कोरोना वायरस को लेकर जारी एडवाजरी को लेकर सीएमओ और बीएमओ समेत एसडीएम सुजानपुर को लेकर खास हिदायत जारी की गई है। दर्शकों की सुविधा के लिए एचआरटीसी को विशेष बसों का प्रावधान करने के लिए कहा गया है।