हमीरपुर। फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संदर्भ में वीरवार को हमीरपुर में मंडलायुक्त मंडी विकास लाबरू की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सभी राजीतिक दल जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के पोलिंग बूथों पर बीएलए की नियुक्ति को सुनिश्चित करें। 1 जनवरी, 2020 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को त्रुटि रहित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग करने का आग्रह किया। मतदाता सूचियों का त्रुटि रहित होना सभी राजनीतिक दलों के लिए चुनौती है, क्योंकि यह सीधे तौर पर प्रत्येक राजनीतिक दल से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने बीएलए तथा बीएलओ में परस्पर तालमेल की आवश्यकता को भी अहम बताया।
बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का पुन: निरीक्षण 15 फरवरी, 2020 तक चलेगा। इस अवधि के दौरान पात्र व्यक्ति अपना दावा/आक्षेप निर्धारित फार्म पर दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने समस्त उपस्थित राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि जिन राजनीतिक दलों ने अभी तक बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति नहीं की है, वह प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर लें। जिन दलों ने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर लिए हैं, उनसे आग्रह किया गया कि वह बूथ स्तर पर जो भी दावे एवं आक्षेप प्राप्त हो रहे हैं, उनका निरीक्षण कर लें ताकि, मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण किया जा सके। 7 फरवरी, 2020 को फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया जाएगा।
उन्होंने तहसीलदार निर्वाचन को निर्देश दिए कि वह सभी राजनीतिक दलों को विधानसभा क्षेत्र वार बूथ लेवल अधिकारियों की सूची उनके मोबाइल नंबर सहित एक दिन के भीतर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर, भोरंज, बड़सर तथा नादौन में भारतीय जनता पार्टी तथा बीएसपी को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए की नियुक्ति कर गैप को पूरा करने को कहा। बीएलए को बदला भी जा सकता है, जिसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संबंधित उपमंडलाधिकारी को फार्म भरकर प्रस्तुत करना होगा।