हमीरपुर। हरियाणा विधानसभा चुनावों में भाजपा की लगातार तीसरी जीत पर मंगलवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विधायक आशीष शर्मा की अगुवाई में गांधी चौक पर खूब जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर सभी को जीत की बधाई दी और आतिशबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सांसद अनुराग ठाकुर के समर्थन में जोरदार नारेबाजी हुई।
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने सूझबूझ के साथ मतदान कर भाजपा को विजयी बनाकर रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा में भी झूठी घोषणाएं कीं, लेकिन जनता इनसे परिचित थी। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और भाजपा के विकास कार्यों को चुना और जातिवाद एवं तुष्टीकरण की राजनीति को नकार दिया है।
भाजपा जिला हमीरपुर के अध्यक्ष देशराज शर्मा, महामंत्री राकेश ठाकुर, उपाध्यक्ष अजय रिंटू, अभयवीर सिंह लवली, उषा बिरला, वीना कपिल, विजय पाल सोहरू और आदर्श कांत ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी को बधाई दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह जीत दर्शाती है कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी किस प्रकार से देशभर में समान विकास करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों से हरियाणा में भाजपा सरकार ने आम जनता के लिए कार्य किए हैं, जिसका नतीजा आज सबके सामने है।