हमीरपुर। जिले में रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोहणी के दो स्टाफ सदस्यों और एक भाजपा नेता समेत 16 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। आरटी-पीसीआर टेस्ट में 12 और रैपिड एंटीजन टेस्ट में चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि आरटी-पीसीआर टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए लोगों में बड़सर के कसवाड़ क्षेत्र के गांव घुमारवीं का 18 वर्षीय युवक, घंगोट का 86 वर्षीय व्यक्ति और 15 वर्षीय लड़की, बराड़ा क्षेत्र के गांव छौं की 75 वर्षीय महिला, भोरंज के गांव भकरेड़ी का 24 वर्षीय युवक, किटपल का 19 वर्षीय युवक, बोहणी में कार्यरत 57 वर्षीय व्यक्ति और 44 वर्षीय महिला, हमीरपुर में कार्यरत 24 वर्षीय युवक और गांव भलट की 62 वर्षीय महिला शामिल हैं।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भी 20 वर्षीय युवक और 58 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में रविवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 75 सैंपल लिए गए। जिनमें से चार पॉजिटिव निकले। इनमें अणु हमीरपुर की 30 वर्षीय महिला, हमीरपुर के वार्ड नंबर एक कृष्णानगर का 52 वर्षीय व्यक्ति और प्रतापनगर हमीरपुर का 51 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भी 77 वर्षीय बुजुर्ग पॉजिटिव पाया गया है। सीएमओ ने लोगों से एहतियात बरतने और नियमों का पालन करने की अपील की है।