बड़सर (हमीरपुर)। भाजपा मंडल बड़सर की बैठक रविवार को मंडल अध्यक्ष कुलदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें मंडल भाजपा पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इसमें बूथ स्तर पर चलाए गए सदस्यता अभियान के बारे में जानकारी ली गई। बैठक में हिमाचल सरकार की ओर से सरकार व संगठन में की जा रही नियुक्तियों को लेकर मंडल भाजपा ने विरोध जताया। मंडलाध्यक्ष ने कहा कि जिन लोगों ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी उम्मीदवार के विरोध में काम किया है, सरकार उन्हें संगठन और नियुक्तियों में तरजीह दे रही है। मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि बूथ स्तर से जो कार्यकर्ता मेहनत कर पार्टी और संगठन में कार्य कर रहे हैं, उनके स्थान पर ऐसे लोगों को तरजीह देना सही नहीं है।
सरकार की ओर से की जा रही संगठन के कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों को लेकर उठ रहे विरोध के स्वर भाजपा में गुटबाजी के संकेत दे रहे हैं। सरकार की ओर से प्रदेश के कई निगमों, बोर्डों में कार्यकर्ताओं को नियुक्तियां दी जा रही है। इन नियुक्तियों का विरोध किया जाना प्रदेश भाजपा के लिए शुभ संकेत नहीं है। कांगड़ा में महिला भाजपा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी की ओर से त्यागपत्र दिए जाने के बाद अब हमीरपुर में भी विरोध के स्वर उठना शुरू हो गए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि बड़सर भाजपा मंडल किस कारण विरोध कर रहा है, इसकी जानकारी ली जाएगी। अभी तक उनके ध्यान में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। बैठक में सुभाष, जगरनाथ, प्रेस सचिव रमेश शर्मा, बलवीर संजीव शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।