नादौन (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरा में हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ खंड नादौन के चुनाव हुए। इन चुनावों में रितेश शर्मा को इकाई अध्यक्ष चुना गया है। रितेश के खिलाफ चुनाव लड़ रहे अमित शर्मा और रिपन परमार ने अपना नामांकन वापस ले लिया, इस कारण रितेश शर्मा को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया। इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान सहित संगठन के राज्य चुनाव अधिकारी दलेर जंवाल और अरुण गुलेरिया, जिला चुनाव अधिकारी कैलाश ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। पर्यवेक्षक रामेश्वर नाथ तथा राजेश गौतम की देखरेख में संपन्न इन चुनावों में अमित शर्मा को महासचिव चुना गया है। जून माह में यह चुनाव कांगू में संपन्न हुए थे।
जिसमें रितेश शर्मा हार गए थे, परंतु उन्होंने उन चुनावों में नियमों की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए दोबारा चुनाव कराने को लेकर संगठन की चुनाव समिति से शिकायत की थी। संगठन की चुनाव समिति ने इस शिकायत पर जांच की थी तथा रितेश शर्मा के आरोपों को सही पाया था। इस कारण उन्होंने पहले के चुनावों को रद्द करके रविवार को सेरा में दोबारा चुनाव करवाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान स्वयं इन चुनावों में विशेष तौर पर उपस्थित रहे। जबकि, संगठन के अन्य बड़े पदाधिकारी भी सेरा में पहुंचे। चुनाव के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष रितेश शर्मा ने इसे सच्चाई की जीत बताया है।