गलोड़ (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश में बर्ड फ्लू के चलते लोगों में धीरे धीरे भय बढ़ता जा रहा है। ढाबा संचालकों ने भी चिकन व अंडे पकाना बंद कर दिए हैं। लोग अंडे व चिकन खाने से परहेज करने लगे हैं। अभी तक लोगों के दिल में कोरोना का खौफ गया भी नहीं और बर्ड फ्लू ने दस्तक देकर सबको परेशानी में डाल दिया है। प्रदेश के कांगड़ा जिले में पौंग बांध के आसपास मिले मृत प्रवासी पक्षियों ने लोगों के दिलों की धड़कन तेज कर दी है। हिमाचल प्रदेश सहित पांच राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने से सबकी चिंता बढ़ गई है।
अभी तक जिला हमीरपुर में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। फिर भी क्षेत्र के अधिकतर ढाबों में लोग चिकन खाने से परहेज कर रहे हैं। जबकि, कई ढाबा मलिक भी अपने ढाबों में चिकन नहीं बना रहे हैं। नॉन वेज खाने वाले चिकन की बजाय मीट, मछली खाना पसंद कर रहे हैं और अंडों व चिकन से परहेज किया जा रहा है। इस बारे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ के चिकित्सा अधिकारी मोहित डोगरा नेे कहा कि लोगों को इसमें घबराने की जरूरत नहीं है। यदि अंडों व चिकन को अच्छी तरह से पकाया जाए तो संक्रमण नहीं होता है और यह कोविड-19 की तरह एक मनुष्य से दूसरे को नहीं होता है। इसलिए सावधान रहें। अभी तक जिले में ऐसा कोई भी मामला नहीं आया है।