कैडहरू में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत ग्राम पंचायत धरोग के कैहडरू गांव में बुधवार रात चोरों ने एक घर से लाखों के गहने और 20 हजार नकदी पर हाथ साफ कर लिया। घर का मालिक टांडा मेडिकल कॉलेज में आपरेशन के लिए उपचाराधीन है। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन देर शाम तक चोरी का मामला दर्ज नहीं किया।
बहू शशि बाला ने कहा कि पुलिस ने उनसे किसी पर शक होने के बारे में पूछा है। घर से गहने व नकदी चोरी हुई है। घर के मालिक टांडा मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के लिए उपचाराधीन हैं। बुधवार रात को घर पर बहू शशि बाला अपने दो छोटे बच्चों के साथ ही थीं। वह बच्चों समेत दूसरे स्लेटपोश मकान में सोई थी। वीरवार सुबह जब वह उठी तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। जब भीतर जाकर देखा तो अलमारी का दरवाजा भी खुला हुआ था।
उसके अनुसार घर से मंगलसूत्र, झुमके, 4 अंगुठियां, लॉकेट, 20 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। शशि बाला ने कहा कि पुलिस मौके पर आई थी और पूछताछ की। उन्होंने कहा कि उनके ससुर टांडा मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन करवाने गए हैं। ससुर की देखरेख के लिए पति और सास भी गए हैं। जिसके चलते घर पर वह और उसके दो छोटे बच्चे ही हैं। उधर, कार्यकारी थाना प्रभारी सदर त्रिलोक चंद का कहना है कि चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।