सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के तहत पड़ते चौरी कस्बे में कुछ माह पहले आयोजित रामलीला में फायर दागने वाले व्यक्ति ने अब सुजानपुर से बाइक चुरा ली। चोरी के बाद आरोपी गायब चल रहा था। पुलिस ने चोरी के जुर्म में आरोपी को वीरवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत से तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है।
आरोपी अरुण राणा उर्फ अंकू निवासी गांव चमारड़ी डाकघर पटलांदर तहसील सुजानपुर जिला हमीरपुर को वीरवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। इस शख्स ने 17 दिसंबर को शिकायतकर्ता रणजीत सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी कोटा मुरादानगर, उत्तराखंड की मोटरसाइकिल को सुजानपुर से चुराया और गाड़ी में लोड कर ले गया। उसने बाइक की नंबर प्लेटों को तोड़कर चमारड़ी गांव में सुनसान जगह पर छुपा दिया। जिसपर मालिक ने 18 दिसंबर को पुलिस थाना सुजानपुर में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मोटरसाइकिल को तो बरामद कर लिया पर आरोपी गायब हो गया। जिसकी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी। वीरवार रात को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने कहा कि आरोपी को अदालत से तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है।