ऑनलाइन हुई थी बाइक को बेचने की बात
पुलिस थाना नादौन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पुलिस ने मामले की छानबीन की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन(हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत जलाड़ी पंचायत के होड़ गांव निवासी सैनिक रोहित राणा की महंगी बाइक शातिर ने टेस्ट ड्राइव के नाम पर उड़ा ली है। कंपनी का कर्मचारी बताने वाले एक व्यक्ति के साथ सैनिक की व्हाट्सएप कॉल पर अपनी बाइक बेचने के संबंध में बात हुई थी। जब शातिर और सैनिक की बात अंतिम नतीजे पर पहुंच गई तो एक-दो दिन के बाद ही शातिर नादौन बस अड्डा पर बाइक देखने के लिए पहुंच गया। उसने सैनिक को फोन करके बाइक को बस अड्डे पर भिजवाने के लिए आग्रह किया।
सैनिक के कहने पर उसका भाई बाइक लेकर इंद्रपाल चौक आ गया। जहां शातिर के कहने पर वह बाइक के पीछे बैठकर टेस्ट ड्राइव के लिए हमीरपुर मार्ग की ओर चल पड़े। नादौन से करीब 1 किलोमीटर आगे जाकर शातिर ने बाइक रुकवाई और उसकी जांच करने लगा। इस दौरान चाबी बाइक के साथ ही लगी थी। जब दोनों उतर गए तो शातिर बाइक पर बैठा और कहा कि वह थोड़ा आगे तक इसे चला कर देखना चाहता है। जब तक सैनिक का भाई उसे मना करता है तब तक वह धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा और कुछ ही समय में आंखों से ओझल हो गया और वापस नहीं लौटा। देर तक वापस नहीं आया तो रोहित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उसने बताया कि शातिर के पास एक छोटा सा बैग भी था। सूचना मिलते ही पुलिस ने संबंधित थानों को इस बारे में जानकारी दी। थाना प्रभारी बाबू राम शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया है कि ऑनलाइन किसी भी तरह की बात करते हुए अत्यंत सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इस तरह से ऑनलाइन खरीद फरोख्त करते हुए यदि किसी की व्हाट्सएप कॉल आती है तो उसपर सोच समझ कर ही विश्वास करना चाहिए।