टियाले दा घाट में हुआ हादसा, सिर पर गंभीर चोट लगने से 23 वर्षीय विपिन ने मौके पर ही तोड़ दिया दम
मैड़ में जीजा की दुकान पर मोटरमैकेनिक का काम सीखता था विपिन
संवाद न्यूज एजेंसी
भोटा(हमीरपुर)। पुलिस चौकी भोटा के तहत सड़क दुघर्टना में 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक चार बहनों का इकलौता भाई था। टियाले दा घाट में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और युवक विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, ऐसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विपिन कुमार आयु 23 वर्ष पुत्र जगत राम निवासी दैण के रूप में हुई है। युवक मैड़ में अपने जीजा की दुकान पर मोटरमैकेनिक का काम सीखता था। सुबह घर पर नाश्ता करने के बाद वह बाइक लेकर दुकान की ओर निकला था। इसी बीच 10 मिनट बाद करीब 9:30 बजे दैण के समीप टियाले दा घाट में तीखे मोड पर उसने बाइक से नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे विपिन की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने परिवार के सदस्यों व भोटा पुलिस टीम को सूचित किया। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था। पढ़ाई के बाद वह मैड़ पर अपने जीजा की दुकान पर मोटरमैकेनिक का काम सीख रहा था, ताकि परिवार का पालन पोषण कर सके, लेकिन सड़क हादसे ने बुजुर्ग मां-बाप से बढ़ापे का सहारा ही छीन लिया है।
विपिन के पिता शिक्षा विभाग में चौकीदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। दोपहर बाद युवक का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
कोट
सड़क दुर्घटना में दैण के 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में छानबीन जारी है।
-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर
टियाले दा घाट में सड़क दुघर्टना के बाद एकत्रित हुए लोग। संवाद