संवाद न्यूज एजेंसी
भोटा(हमीरपुर)। नगर पचांयत भोटा में हाउस टैक्स जमा करवाने की अवधि दो माह तक बढ़ा दी गई है। नपं की बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेकर अब प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने की तिथि 30 अप्रैल से 30 जून तक बढ़ा दी है।
नगर पंचायत भोटा के प्रतिनिधियों ने जनता की सुविधा के लिए इस अवधि में टैक्स जमा करवाने वालों को 20 फीसदी छूट भी दी है। 30 अप्रैल तक टैक्स जमा करवाने के लिए दस फीसदी की छूट दी गई थी लेकिन अब जल्द भुगतान के लिए छूट 20 फीसदी कर दी गई है।
नगर पंचायत की अध्यक्ष सपना सोनी का कहना है कि जनता की सहूलियत के लिए प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने की अवधि दो माह और बढ़ा दी गई है। अब तीस जून तक भोटा के स्थानीय लोग अपना प्रॉप्रर्टी टैक्स जमा करवा सकते हैं। 20 फीसदी की छूट भी दे दी गई है। अगर प्रॉपर्टी टैक्स के बिल में कोई त्रुटि पाई जाती है तो नगर पंचायत कार्यालय में आकर 30 जून तक दुरुस्ती करवाई जा सकती है।