नाल्टी पंचायत के भटवाड़ा गांव में उपजे जमीनी विवाद को हल करने के लिए पहुंचे तहसीलदार व मौजूद ग्र
हमीरपुर। नाल्टी पंचायत के भटवाड़ा गांव में पिछले एक साल से चला सड़क विवाद हल हो गया है। इस विवाद के कारण प्रभावित परिवार पिछले साल भी अपने खेतों में किसी प्रकार की बिजाई नहीं कर पाए थे।
इस साल भी गेंहू की बिजाई करने में संकट हो गया था। इसी समस्या को लेकर भटवाड़ा गांव के ग्रामीण सोमवार को डीसी कार्यालय पहुंचे। यहां पर दर्जनों ग्रामीणों ने डीसी के समक्ष अपनी समस्या को रखा। ग्रामीण जिला कांग्रेस के निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुमन भारती की अगुवाई में पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क को रोका जा रहा है, जिसके कारण अब खेतों में ट्रैक्टर तक भी बिजाई के लिए नहीं ले जाया जा रहा है। पिछले वर्ष भी खेत खाली रहे थे। इस वर्ष भी खेतों में कोई कार्य नहीं हो पाया है। उन्होंने डीसी से समस्या के हल की मांग की।
वहीं, उपायुक्त ने समस्या को विस्तारपूर्वक सुना और तहसीलदार हमीरपुर सुभाष कुमार को मौके पर जाकर समस्या का हल करने के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार सुभाष कुमार मौके पर गए और दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बातों को सुना।
इसके बाद तहसीलदार सुभाष कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। ट्रैक्टर योग्य रास्ता खोल दिया गया है। अब ग्रामीणों को अपने खेतों में किसी भी कार्य को करने के लिए कोई दिक्कत नहीं आएगी।