साइबर क्राइम थाना मंडी के दूरभाष नंबर 01905-226900 पर भी कर सकते हैं संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य रेंज मंडी के एएसपी मनमोहन सिंह ने सभी लोगों को साइबर ठगों से सावधान रहने की हिदायत दी है। किसी भी तरह की साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम थाना मंडी के दूरभाष नंबर 01905-226900 या ईमेल आईडी- pscyber-crhp.gov.in पीएससाईबर-सीआर एट द रेट एचपी.जीओवी.इन पर शिकायत दर्ज करवाने का आग्रह किया है।
मनमोहन सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में मिली साइबर ठगी की शिकायतों में यह पाया गया है कि अपराधी अलग-अलग तरीके अपनाकर आम लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। कई साइबर ठग किसी भी व्यक्ति के मोबाइल फोन पर पैसे क्रेडिट होने के फर्जी मैसेज भेजते हैं तथा बाद में उस व्यक्ति को फोन करके बताते हैं कि गलती से पैसे उनके खाते में चले गए हैं, इसलिए इन पैसों को वापस कर दें। एएसपी ने कहा कि इस तरह के फर्जी मैसेज मिलने पर कुछ लोग बिना सोचे-समझे और बैंक बैलेंस चेक किए बगैर ही पैसे भेज देते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।
एएसपी ने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त होने वाले मैसेज और कॉल को पहले अच्छी तरह जांच लेना चाहिए। यह सुनिश्चित करें कि यह मैसेज आपको बैंक की तरफ से आया है या किसी निजी नंबर से। इसके बाद अपना बैंक बैलेंस भी अवश्य चेक करें।
हमीरपुर निवासी से 45 लाख की ठगी
फेसबुक पर ट्रेडिंग के एक विज्ञापन पर क्लिक कर फर्जी व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़कर हमीरपुर निवासी एक व्यक्ति से 45 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह व्यक्ति ट्रेडिंग के कारोबार से जुड़ा हुआ है। व्यक्ति से एक माह के भीतर लाखों की यह ठगी हुई है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य रेंज मंडी में इस बाबत केस दर्ज हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने कहा कि 15 जुलाई को उसने फेसबुक पर एक ट्रेडिंग विज्ञापन पर क्लिक किया। इसके बाद वह एक व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप में जुड़ गया। फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप में 200 से अधिक लोग जुड़े हुए थे। इस ग्रुप में शिकायतकर्ता को सस्ते दामों पर शेयर खरीदने तथा आईपीओ इत्यादि खरीदने के लिए उकसाया गया तथा इस तरह जाल में फंसाकर शिकायतकर्ता से कुल 45 लाख रुपये विभिन्न खातों में डलवा लिए गए। व्यक्ति ने कुल 11 बार ठगों के विभिन्न खातों में 45 लाख रुपये डाल दिए। एएसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि कई साइबर ठग फेसबुक और व्हाट्सएप पर ट्रेडिंग के विज्ञापन के नाम पर भी लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसे में निवेश करने में सतर्कता बरतें।