बड़सर उठाऊ पेयजल परियोजना के तहत सिंघवी में बनाया गया 40 लाख लीटर क्षमता का पेयजल टैंक। संवाद
बड़सर (हमीरपुर)। उठाऊ पेयजल योजना बड़सर का निर्माण जून 2026 तक पूरा होगा। इसके बाद चरणबद्ध रूप से बड़सर उपमंडल की 52 पंचायतों को पानी की आपूर्ति होगी।
योजना के तहत सिंघवी में 40 लाख लीटर क्षमता के पेयजल टैंक का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जिससे जल भंडारण और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होगी। योजना के पूरा होने के बाद बड़सर के प्रत्येक निवासी को 24 घंटे में लगभग 500 लीटर पानी उपलब्ध होगा। इससे लोगों को पानी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा और टैंकरों पर निर्भरता भी समाप्त होगी। पेयजल योजना का निर्माण मानव निर्मित गोबिंद सागर झील पर किया जा रहा है।
उठाऊ पेयजल परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पहली जून 2023 को किया था। योजना के पूर्ण होने पर बड़सर क्षेत्र की 52 पंचायतों के हजारों लोगों को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना के तहत गोबिंद सागर झील से पानी लिफ्ट कर बड़सर तक पहुंचाया जाएगा।
अभी बड़सर उपमंडल के लोगों को गर्मियों के दौरान गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समस्या का सामधान करते हुए परियोजना का कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है। परियोजना के तहत प्रतिदिन 10–10 लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जाएगी।
कोट
गोविंद सागर झील से पानी लिफ्ट करने वाली परियोजना का निरीक्षण किया जा रहा है। परियोजना का निर्माण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
-हरीश शर्मा, अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति विभाग बड़सर