हमीरपुर। बढ़ती महंगाई के बीच किसानों को एक और झटका लगा है। जौ का बीज 17 रुपये प्रतिकिलो महंगा हो गया है। इस वर्ष जौ के बीज पर अनुदान खत्म हो गया।
बीते साल जहां जौ का बीज अनुदान सहित 38 रुपये प्रतिकिलो किसानों को मिल रहा था। इस वर्ष जौ के बीज के दामों में 17 रुपये का इजाफा हुआ है। जौ का बीज 55 रुपये प्रति किलो की दर पर किसानों को मिल रहा है। कृषि विभाग के पास जौ के बीज की करीब 180 क्विंटल खेप पहुंची। विभाग ने इसे कृषि विक्रय केंद्रों में भेज दिया है।
कृषि विभाग की ओर से हर साल किसानों को विभिन्न प्रकार के बीज मुहैया करवाए जाते हैं। इस वर्ष भी विभिन्न बीजों की मांग की गई है। अब तक लहसुन और जौ का बीज मिला है। हालांकि लहसुन के दामों में गिरावट आई है। पिछले वर्ष कृषि विक्रय केंद्रों में लहसुन 200 रुपये प्रतिकिलो तक मिल रहा था। वहीं, इस वर्ष लहसुन का बीज 155 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है।
कृषि विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि लहसुन के बीज के साथ-साथ जौ और मूली का बीज भी उपलब्ध हो गया है। जौ का बीज 55 रुपये प्रतिकिलो किसानों को दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्य बीज भी जल्द ही कृषि विक्रय केंद्रों में पहुंच जाएंगे। विभाग की ओर से उच्च गुणवत्ता के बीच किसानों को उपलब्ध करवाए जाते हैं।