बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर में दिवाली पर दुकानदार अपने दुकानों में पटाखों की बिक्री नहीं कर पाएंगे। उपमंडल प्रशासन ने व्यक्तिगत दुकानों में पटाखे रखने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही पटाखों के स्टाल लगाने के लिए स्थान पर चिह्नित कर दिए हैं। निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर पटाखों की बिक्री नहीं हो सकेगी।
एसडीएम कार्यालय बड़सर में सोमवार को दिवाली त्योहार के दौरान आग से होने वाली दुर्घटना से बचाव एवं पटाखों के विक्रय को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम बड़सर डॉ. रोहित शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि बड़सर उपमंडल में पटाखों की दुकानें लगाने के लिए मैहरे खुला मैदान, बिझड़ी में ताल स्टेडियम, भोटा में बीएसएनएल कार्यालय के सामने, सलौणी में पटवार सर्कल सलौणी के सामने खुला मैदान, चकमोह में पंचवटी चौक चिह्नित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पटाखों की बिक्री के लिए दुकानदार को अपने-अपने तहसील कार्यालय से अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा। उन्होंने कहा कि पटाखा विक्रेता खुले स्थानों पर ही अपनी स्टॉल लगाएंगे। अगर कोई दुकानदार अपनी व्यक्तिगत दुकान में पटाखे रखेगा और कोई दुर्घटना होती तो उसका जिम्मेदार दुकानदार खुद होगा और प्रशासन उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी करेगा।
एसडीएम ने कहा कि बड़सर के अंतर्गत सभी दुकानदार कोई भी स्टॉल दुकान के बाहर न लगाएंगे। अगर कोई दुकानदार नियमों का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में संदीप सिंह, अत्तर सिंह, रमेश कुमार, शशीकांत शर्मा, नरेश, वतन सिंह, विनोद लखनपाल और सन्नी शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।