वाहनों की लगती है दिनभर भीड़, वाहन चालक परेशान
दुकानदारों ने प्रशासन से समस्या से निजात दिलवाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज का भरेड़ी कस्बा वाहनों के जाम की समस्या से हर रोज जूझ रहा है। इससे वाहन चालक और दुकानदार बेहद परेशान हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। 250 से अधिक दुकानों वाला भरेड़ी बाजार जाहू से सरकाघाट, बस्सी से सरकाघाट, अवाहदेवी से भरेड़ी सड़क से जुड़ा है। इससे यहां पर वाहनों की दिनभर भीड़ रहती है। भरेड़ी हनुमान चौक से बस स्टैंड तक सड़क संकरा होने की वजह से दिन में कई बार जाम लगता है। बड़ी गाड़ियों को पास देने के लिए जगह नहीं मिलती। इससे लगभग आधा किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम लग रहा है। जाम का यह सिलसिला सुबह लगभग आठ बजे से शुरू होकर शाम सात बजे तक चला रहता है। शनिवार सुबह के समय आधा घंटा जाम से जहां वाहन चालक परेशान हुए वहीं, दुकानदार व पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है। स्थानीय निवासी संजय कुमार, अनिल कुमार कमलु, विनोद शर्मा, रजनीश, पवन ठाकुर, रमन और अन्य दुकानदारों ने प्रशासन से इस समस्या से निजात दिलवाने की मांग की है।
बॉक्स
भरेड़ी हनुमान चौक पर 2018 में यह थी व्यवस्था
भरेड़ी बाजार हनुमान चौक पर वर्ष 2018 में टैक्सी और ट्राला चालकों ने पपलाह पंचायत के पूर्व उपप्रधान सुरेंद्र कुमार तथा मनोज गुलेरिया, कर्म चंद सहगल के सामने आपसी सहमति से निर्णय लिया था। इस निर्णय के तहत अपर बाजार में एक सुम्मो गाड़ी, एक छोटी व दो ट्राले ही खड़े होंगे। पटवार घर से लेकर आगे तक कोई भी गाड़ी खड़ी नहीं की जाएगी। अब इसका पालन नहीं हो रहा है।
कोट
भोरंज थाना प्रभारी निर्मल सिंह का कहना है कि भरेड़ी में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के समय-समय पर चालान किए जाते हैं। दुकानदारों के अतिक्रमण पर भी समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। भरेड़ी में जाम की समस्या को लेकर पुन: नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।