एनएच-70 के निर्माण को लेकर बमसन के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला परिषद सदस्य पवन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को एसडीएम भोरंज का घेराव कर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम एसके पराशर से मिलकर पेश आ रही समस्याएं बताईं। प्रतिनिधिमंडल में उपमंडल भोरंज के समीरपुर, अवाहदेवी, संगरोह, पंजोत, गगेहड़ी, सपनेहड़ा, ठाणा, बराड़ा, घराण और झनिकर के 150 लोगों ने भाग लिया।
ग्रामीणों ने हमीरपुर से मंडी वाया अवाहदेवी, सरकाघाट तक बनने वाले एनएच-70 निर्माण को लेकर रोष जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भूमि मालिकों को बिना बताए जमीन पर निशान लगाए जा रहे हैं। इससे उन्हें मजबूरन आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा।
ग्रामीणों को तीसरी बार भोरंज प्रशासन ने कार्यालय में बुलाया है। इससे क्षेत्र के सभी लोग हताश और परेशान हो रहे हैं। जिला परिषद सदस्य पवन कुमार ने एसडीएम भोरंज से शीघ्र ही ग्रामीणों की समस्या को हल करने की मांग की है।
उन्होंने एसडीएम से आग्रह किया है कि प्रशासन मौका देखकर ग्रामीणों की भूमि और घरों को बचाकर सड़क निर्माण के लिए उचित भूमि का अधिग्रहण करे ताकि उन्हें परेशानी न हो।
इस प्रतिनिधिमंडल में अमीचंद, हरबंस, संतोष, हेमराज, रत्न लाल, रमेश कुमार, तानू राम, ज्योति, कुलदीप कुमार, बिमला देवी, संतोष कुमारी सहित लगभग 150 लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें बार-बार आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन न तो प्रशासन मौके पर रहा और न ही उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं।
एसडीएम भोरंज ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया है कि वह खुद मौका देखेंगे। ग्रामीणों को आपत्तियां दर्ज करने का मौका देंगे।