गांधी चौक हमीरपुर पर सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते डीवाईएफआई और लेफ्ट संगठनों के कार्यकर्ता
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर/भोरंज। सीपीएम और वामपंथी संगठनों सीटू, नौजवान सभा, एसएफआई ने राज्य इकाई के आह्वान पर बुधवार को जिला मुख्यालय के गांधी चौक पर रैली निकालकर और सभा करके केंद्र सरकार व राज्य सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर, सीपीएम के जिला सचिव जोगिंद्र कुमार, नौजवान सभा के राज्य अध्यक्ष अनिल मनकोटिया, सीटू नेता सुरेश राठौड़, रंजन शर्मा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जिस गैर जिम्मेदाराना और बिना तैयारी से लॉकडाउन किया, उससे देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई। 14 करोड़ लोगों को रोजगार से हाथ धोना पड़ा। हालात ये हैं कि लोग भुखमरी और रोजगार छूटने पर आत्महत्या करने को मजबूर हो गए हैं। मोदी सरकार देश के संसाधनों को निजी हाथों में बेच रही है। डीजल, पेट्रोल, गैस की कीमतें आसमान छूने लगी हैं।
राज्य की जयराम सरकार ने बस किराये में 25 फीसदी बढ़ोतरी करके जनता पर कुठाराघात किया। सीपीएम और वामपंथी संगठनों ने सरकार से मांग की है कि बेरोजगारी को ध्यान में रखते हुए मनरेगा में 120 दिन का काम और 400 रुपये का दाम सुनिश्चित किया जाए। 25 फीसदी बस किराया वृद्धि वापस ली जाए। सभी बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। बिजली, पानी का निजीकरण बंद किया जाए। श्रम और किसानों से जुड़े कानूनों में किए जा रहे संशोधनों को वापस लिया जाए। सार्वजनिक संपत्तियों को बेचना बंद किया जाए। जेल में बंद राजनीतिक लोगों को रिहा किया जाए व झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं। इसी कड़ी में कम्युनिस्ट पार्टी और वामपंथी संगठन नौजवान सभा, सीटू ने भोरंज में भी रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्य सचिव मंडल सदस्य डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर और सीटू जिला संयुक्त सचिव सुरेश कुमार राठौर ने धरने में लोगों को संबोधित किया और कहा कि 26 अगस्त को सीपीएम और वामपंथी संगठन हमीरपुर में प्रदर्शन करेंगे।