बड़ा (हमीरपुर)। पंचायत चुनाव से पहले नई पंचायतों के गठन को लेकर उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत सपड़ोह के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। इस पंचायत के बाशिंदे अपने प्रतिनिधियों के विरोध में उतर आए हैं। उपमंडल की सपड़ोह पंचायत का विभाजन करके बरदियार पंचायत बनाई जा रही है। जिसमें सपड़ोह पंचायत के वार्ड नंबर 4, 5, 6 जोकि सासन, बरदियार और तुरंगाल हैं, इन्हें काट कर बरदियार पंचायत में मिलाया जा रहा है। तुरंगाल वार्ड नंबर 6 के मतदाता पंचायत पर ये आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें बिना बताए ही इस पंचायत से काट कर दूसरी में मिलाया जा रहा है। इस वार्ड के लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि पंचायत प्रधान ने इस बारे में न उन्हें सूचित किया और न उनसे आपत्तियां मांगी गई। इस वार्ड के मतदाताओं ने आरोप लगाया कि ये सब पंचायत की मिलीभगत है।
इस वार्ड के मतदाताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें दूसरी पंचायत में डाला गया तो वे न केवल आने वाले पंचायत चुनावों का बहिष्कार करेंगे बल्कि प्रदेश सरकार को आने वाले विधानसभा और लोक सभा चुनावों में भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। मतदाताओं ने इस संदर्भ में जिलाधीश हमीरपुर को भी अपना मांगपत्र सौंपा है और आग्रह किया कि उन्हें सपड़ोह पंचायत में ही रहने दिया जाए। क्योंकि जिस पंचायत में उन्हें डाला जा रहा है, वह उनसे लगभग दो किलोमीटर से भी अधिक दूर है। इस बारे में पंचायत सचिव विक्रम सरोच ने बताया कि लोगों के आरोप निराधार है। 17 दिसंबर 2019 को जो आम इजलास हुआ था, उसमें नई पंचायत के गठन के बारे में अवगत करवाया था। इस बारे में पंचायत प्रधान आशा देवी से जब पूछा गया कि जिन वार्डों को सपड़ोह पंचायत से अलग किया जा रहा है, क्या उन वार्डों के लोगों से आपने कोई सुझाव या आपत्तियां मांगी थीं तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाईं।