हमीरपुर। जिला के आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों की इंटरनेट सुविधा से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक 25 संस्थानों को इंटरनेट की सुविधा मिल गई है।
इससे स्वास्थ्य संस्थान प्रभारियों को मरीज का रिकॉर्ड, दवाइयों की स्टॉक स्टेटमेंट, फील्ड में स्वास्थ्य के संदर्भ में किए गए सर्वे की रिपोर्ट भेजने में आसानी होगी। जिले के 65 आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों में इटरनेंट की सुविधा दी जानी है। आयुष विभाग की ओर से इंटरनेंट के लिए बीएसएनएल की सेवाएं ली जा रही हैं।
जिलेभर में आयुष स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्र बनने के कुछ समय के बाद ही स्वास्थ्य केंद्रों पर कंप्यूटर के अलावा स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करवा दिए गए थे। इंटरनेट की सुविधा न होने से प्रभारी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ही इंटरनेट की सुविधा लेकर अपने स्वास्थ्य संस्थान का काम चला रहे थे। इससे कभी-कभार उन्हें कार्य करने में भी दिक्कतें आती थीं।
अब सरकार की ओर से ही इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। स्वास्थ्य संस्थान के स्टाफ व मरीजों को भी लाभ मिलेगा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृजनंदन शर्मा ने बताया कि आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों में इंटरनेंट की सेवाएं मिलना शुरू हो गई हैं। जल्द ही इस कार्य को संपन्न कर लिया जाएगा।