हमीरपुर। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में विशेष अभियान शुरू किया है।
इसके तहत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्कूलों में जाकर किशोरियों और शिक्षकों को एचपीवी संक्रमण, उससे होने वाले जोखिम और एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी दे रहे हैं।
स्कूल स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कम उम्र से ही लड़कियों को इस बीमारी के प्रति सचेत किया जा सके। स्वास्थ्य कर्मी छात्राओं को सरल भाषा में समझा रहे हैं कि एचपीवी कैसे फैलता है, इसके लक्षण क्या हो सकते हैं और वैक्सीन किस प्रकार सुरक्षा प्रदान करती है।
साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करवा सकें। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह पहल न केवल बीमारी की रोकथाम में मददगार होगी, बल्कि भविष्य में कैंसर के मामलों को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
जानकारी के अनुसार जिले में पिछले महीने से किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है, जो पहले केवल शनिवार और रविवार को होता था, लेकिन अब यह रोजाना जिले के 32 स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है।
जिले में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की 4,388 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 1,006 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है।
कोट
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों को निशुल्क टीके लगाए जा रहे हैं। अभिभावकों से आग्रह है कि वह पात्र लड़कियों का टीकाकरण जरूर करवाएं।
-डॉ. अजय कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी
एचपीवी टीकाकरण बारे एक स्कूल में जानकारी देते जिला स्वास्थ्य अधिकारी व अन्य। स्रोत : स्वास्थ्य विभाग