मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के पर्ची काउंटर पर लगाया गया पोस्टर। संवाद
हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में चोरी की घटनाएं नहीं थम रही हैं। बुधवार को भी एक तीमारदार का मोबाइल चोरी हो गया। तीमारदार ने इसकी शिकायत चिकित्सा अधीक्षक को दी है।
शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी की जांच की गई है। तीमारदार का रोगी मेडिकल कॉलेज के वार्ड में उपचाराधीन है। रात को तीमारदार वार्ड से बाहर बरामदे में सोया था। लगभग 12:00 बजे उसकी नींद खुली तो उसका मोबाइल गायब था। उसने मोबाइल को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल नहीं मिला। सुबह इसकी शिकायत चिकित्सा अधीक्षक को दी। हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब मेडिकल कॉलेज में चोरी की घटना हुई है। यहां अक्सर चोरी की वारदातें होती हैं।
बीते दिनों भी एक महिला के पर्स से पांच हजार रुपये की चोरी हो गई थी, जब वह ओपीडी में पर्ची बनाने के लिए पंक्ति में लगी थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर मरीज भी मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से उचित कदम उठाने का आग्रह किया है।
बॉक्स
जेबकतरों से सावधान रहने के लगाए पोस्टर
मेडिकल कॉलेज की ओर से मरीजों और उसके तीमारदारों से सजग और सतर्क रहने की अपील की है। इसके लिए कई स्थानों पर पोस्टर लगाए हैं। इनमें लिखा है कि जेबकतरों से सावधान रहें। कई ओपीडी के बाहर मरीजों की काफी भीड़ रहती है। यहां पर भी चोरी होने की अधिक आशंका होती है।
कोट
एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी होने की शिकायत मिली है। मामले में जांच की जा रही है।
-देसराज शर्मा, एमएस, मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर