हमीरपुर। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत डुग्घा में रहने वाली महिला शिक्षक के घर से दिनदहाड़े चोर ने चोरी करने का प्रयास किया। चोर ने दरवाजों में लगे तालों को तोड़ दिया।
हालांकि महिला शिक्षक की ओर से किसी भी तरह के सामान की चोरी होने की बात जाहिर नहीं की गई है। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर एक संदिग्ध को चिन्हित किया है। पुलिस संदिग्ध की तलाश कर रही है। डुग्घा निवासी कृष्णा ठाकुर सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। जब वह स्कूल गई थी तो चोर ने उसके घर के मुख्य गेट में लगा ताला तोड़ दिया। उसके बाद चोर ने दरवाजे का ताला भी तोड़ दिया।
चोर ने कीमती सामान को ढूंढने के लिए अन्य सामान को बिखेर दिया, लेकिन वह कीमती सामान ढूंढने में असफल हुआ। जब महिला शिक्षक वापस घर आई तो उसने ताले टूटे देखे, जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। हालांकि घर से कुछ भी सामान चोरी नहीं हुआ।
पुलिस ने महिला शिक्षक के घर के साथ लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला, जिसमें एक संदिग्ध को देखा गया। पुलिस अब उस संदिग्ध की तलाश कर रही है। एसपी भगत सिंह ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की छानबीन जारी है।