हमीरपुर। कोरोना महामारी की तीसरी लहर से बच्चों के बचाव के लिए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के साथ कोरोना की रोकथाम और खासकर बच्चों को बचाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग भी अपना अहम योगदान देगा। इसी कड़ी में विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं को बच्चों के अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। लोकल स्तर पर आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताएं बच्चों के अभिभावकों को कोरोना काल में बच्चों की उचित देखभाल, रहन सहन, सफाई व्यवस्था के साथ कोरोना से बचाव के लिए सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करवाएंगी।
इस दौरान बच्चों को घर से बाहर बिना जरूरी कार्य के न भेजने या बाहर जाते समय बच्चों को अपने साथ बिना कारण न ले जाने के लिए यह कार्यकर्ताएं जागरूक करेंगी। वहीं, आंगनबाड़ी के माध्यम से दिए जाने वाले भोजन और न्यूट्रिशन को समय-समय पर बच्चों को खिलाने के बारे में भी निर्देश देंगी। इसके अलावा महामारी के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य जांच भी यह कार्यकर्ताएं घर द्वार ही करेंगी। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी एचसी शर्मा ने कहा कि बच्चों को कोरोना महामारी से बचाने के लिए विभाग की आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताएं भी अहम भूमिका निभाएंगी। इस दौरान बच्चों के अभिभावकों को कोविड नियमों, बच्चों के खानपान व सफाई आदि के बारे में जागरूक करेंगी। अभिभावकों के अन्य प्रश्नों व संशय के उत्तर भी यह कार्यकर्ताएं देंगी।