हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के ऑथो विभाग के ऑपरेशन थियेटर को जाने वाली लिफ्ट खराब होने का खामियाजा मरीजों को भुगताना पड़ रहा है। सप्ताह में दो बार होने वाले हड्डी रोगों के ऑपरेशन मंगलवार और शुक्रवार को होते हैं। मंगलवार को लिफ्ट खराब होने के कारण ऑर्थो विभाग का यह नया ऑपरेशन थियेटर बंद रहा।
जबकि, पुराने ऑपरेशन थियेटर में ही जरूरी व छोटे ऑपरेशन चिकित्सकों ने किए। इसके अलावा कई रोगी, जिन्हें ऑपरेशन के लिए मंगलवार का समय दिया गया था, उनके ऑपरेशन नहीं हुए। नए ऑपरेशन थियेटर में ही सी-आर्म एक्सरे मशीन है और रीढ़ की हड्डी समेत अन्य बड़े ऑपरेशन इस एक्सरे मशीन के सहयोग से ही किए जाते हैं।
चलने फिरने में असमर्थ मरीजों को बिना लिफ्ट के चार मंजिल तक ले जाना मुश्किल है। मरीजों को महज उठाकर ले जाया जा सकता है। इस कारण ऑर्थो विभाग ने मंगलवार को नए ऑपरेशन थियेटर को बंद रखा और पुराने ऑपरेशन थियेटर में ही जरूरी सर्जरी की। अमर उजाला की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जब स्थिति जायजा लिया तो ऑर्थो वार्ड में उपचाराधीन दो मरीजों के ऑपरेशन मंगलवार को नहीं हुए। जबकि, इन्हें मंगलवार का समय दिया गया था। जबकि, एक मरीज का ऑपरेशन पुराने ऑपरेशन थियेटर में ही किया गया।
चिकित्सकों ने तो मरीजों को मंगलवार का समय दिया था और ऑपरेशन के लिए तैयार भी थे, लेकिन लिफ्ट समय पर ठीक नहीं हुई और मरीजों का नई ओटी में पहुंचना मुश्किल हो गया। इस कारण मरीज ऑपरेशन से वंचित रह गए। बताया जा रहा है कि लिफ्ट को जल्द ठीक करने के बारे में ऑर्थो विभाग ने बाकायदा कॉलेज प्रबंधन को लिखा भी है, ताकि मरीजों के ऑपरेशन समय पर और तमाम सुविधाओं के बीच हो सकें।
क्या कहते है मरीज-
मंगलवार की तिथि के बावजूद नहीं हुआ ऑपरेशन : अरविंद
अरविंद कुमार का कहना है कि उसकी टांग का ऑपरेशन होना है। जिसकी तिथि मंगलवार की थी, लेकिन ऑपरेशन नहीं हुआ। इस कारण उसे अब दो तीन दिन और अधिक अस्पताल में दाखिल रहकर इंतजार करना पड़ा। ऑपरेशन के लिए कुछ जरूरी सामान उपलब्ध न होना इसका कारण बताया गया है।
ऑपरेशन में होगी देरी : अमर
अमर नाथ व उसके के परिजनों का कहना है कि मंगलवार के ऑपरेशन की तिथि बताई थी, लेकिन ऑपरेशन नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों ने इलाज में पूर्ण सहयोग किया है, लेकिन किसी कारण ऑपरेशन में देरी होने की बात उन्हें बताई गई है।
पुराने ऑपरेशन थियेटर में हुआ ऑपरेशन: गुड्डी
गुड्डी देवी ने कहा कि उनके पति के पांव का ऑपरेशन मंगलवार को वार्ड के ऊपर वाली मंजिल पर हुआ है। यह पुराना ऑपरेशन थियेटर होगा। ऑपरेशन के बाद मरीज का उचित उपचार और ध्यान रखा गया है। चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन जरूरी था, इसलिए मंगलवार को किया गया।
कंपनी को जल्द लिफ्ट ठीक करने के दिए निर्देश: डॉ. चौहान
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि कुछ जरूरी और छोटे ऑपरेशन पुरानी ओटी में किए गए हैं। जबकि, गंभीर और बड़े ऑपरेशन नहीं हुए हैं। लिफ्ट की समस्या के समाधान के लिए इंजीनियर्स बुलाए गए थे और कंपनी को बिल भी क्लीयर कर दिए गए हैं। कुछेक दस्तावेजों संबंधी प्रक्रिया के चलते कार्य नहीं हुआ है, लेकिन कंपनी को जल्द से जल्द लिफ्ट ठीक करने के लिए कहा गया है। जो ऑपरेशन बच गए हैं, उन्हें शुक्रवार को कर दिया जाएगा।