हमीरपुर। जिले में एचआरटीसी की ओर से सरेंडर किए रूटों पर निजी बस चलाने के लिए आवेदन तिथि बढ़ गई है। परिवहन विभाग ने तिथि को 19 फरवरी तक बढ़ा दिया है। पहले यह तिथि चार फरवरी निर्धारित थी।
अब तक 55 निजी ऑपरेटरों की ओर से आवेदन किए गए हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से जिले में 18 रूट सरेंडर किए गए थे। इन रूटों पर आय बहुत कम थी। इस कारण इन रूटों पर एचआरटीसी को बस चलाने पर लगातार घाटा हो रहा था। घाटे के कारण निगम प्रबंधन ने इन 18 रूटों को सरेंडर कर दिया था।
बसें डालने के लिए बेरोजगार युवाओं और बस ऑपरेटरों को मौका प्रदान किया गया है। बसों और स्टाफ की कमी के कारण एचआरटीसी के लिए पहले ही रूटों पर नियमित रूप से बसों को चलाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। इस कारण इन रूटों पर निजी बसों को मौका दिया जा रहा है।
बॉक्स
राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना की तिथि बढ़ी
परिवहन विभाग की ओर से राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना की तिथि को बढ़ाया गया है। पहले योजना के तहत आवेदन की तिथि चार फरवरी थी। योजना के तहत आवेदन तिथि को 19 फरवरी तक बढ़ाया गया है।
कोट
एचआरटीसी की ओर से सरेंडर किए रूटों पर बस चलाने के लिए आवेदन तिथि 19 फरवरी तक बढ़ गई है। इसके साथ राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत आवेदन तिथि भी बढ़ी है।
-अंकुश शर्मा, आरटीओ हमीरपुर