हमीरपुर। पशुपालन विभाग हमीरपुर के विभिन्न अस्पतालों, पशु औषधालयों और अन्य संस्थानों में मल्टीटास्क वर्कर्स (पशु मित्र) के 28 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए पांच फरवरी शाम 4 बजे तक आवेदन किए जा सकते हैं।
पशुपालन विभाग की ओर से पशु मित्रों के 28 पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 12 जनवरी से आरंभ कर दी गई है। 5 फरवरी तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता के लिए बुलाया जाएगा। शारीरिक दक्षता में उम्मीदवारों को 25 किलोग्राम भार उठाकर 100 मीटर की पैदल चाल एक मिनट में पूरी करनी होगी। इस टेस्ट के बारे में उम्मीदवारों को अलग से सूचित किया जाएगा।
पशुपालन विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डॉ. सतीश कपूर ने बताया कि फिजिकल टेस्ट पास करने वाले उम्मीदवारों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाएगा। काउंसिलिंग के बाद प्रत्येक संस्थान के लिए 5-5 उम्मीदवारों का पैनल बनाया जाएगा और उन्हें दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पांच हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा।
18 से 45 वर्ष तक के दसवीं पास अभ्यर्थी इन पदों के लिए पात्र हैं। उन्हें पशुपालन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों, स्थानीय बोलियों और परंपराओं का ज्ञान होना चाहिए। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र का फॉर्मेट विभाग की वेबसाइट hpagrisnet.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। हमीरपुर, सुजानपुर, नादौन, भोरंज और बड़सर के उपमंडलीय पशुपालन अधिकारी कार्यालयों में इनके दूरभाष नंबरों या ईमेल पर भी विस्तृत जानकारी हासिल की जा सकती है।