पहली से आठवीं कक्षा तक के पात्र विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
विद्यार्थियों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर करना होगा आवेदन
आईआरडीपी धारक पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मिलती है छात्रवृत्ति
विद्यार्थी ऑनलाइन 21 अक्तूबर तक कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में आईआरडीपी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र विद्यार्थी 21 अक्तूबर तक शिक्षकों के माध्यम से नेशनल स्काॅलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रदेश सरकार की ओर से प्रदेशभर के आईआरडीपी पात्र परिवारों के विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। छात्रवृत्ति के तहत प्रदेश सरकार की ओर से पहली से पांचवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को 500 रुपये जबकि छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को 700 रुपये प्रदान किए जाते हैं। छात्रवृत्ति आवेदन के लिए शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के बैंक खाते, नाम और दस्तावेजों को अपडेट रखने और नाम आईडी सही भरने के निर्देश दिए हैं ताकि विद्यार्थियों के सही नाम अपलोड हों और समय पर छात्रवृत्ति मिल सके। वहीं, अभिभावकों से भी अपने बच्चों के खाते बैंकों में खुलवाने का आग्रह किया है ताकि कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। सरकार की ओर से प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में आईआरडीपी परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करने के बाद विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच ब्लॉक स्तर पर की जाएगी। इसके बाद जिला स्तर पर प्रेषित होगी। जिला स्तर के बाद दस्तावेजों को निदेशालय भेजा जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों के खाते में छात्रवृत्ति की राशि आएगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर ने जिलाभर के पात्र विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने का आग्रह किया है ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिल सके।
ब्यान:
शैक्षणिक सत्र 2024-25 में आईआरडीपी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र विद्यार्थी 21 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों को कक्षानुसार छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। स्कूल प्रमुखों से विद्यार्थियों की आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करवाने के निर्देश दिए हैं।
अशोक कुमार, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर।