हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मेल के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति की ओर से शिकायत पर एंटी रैगिंग और अनुशासन समिति ने मंगलवार को जांच की है। सभी प्रशिक्षु एमबीबीएस से बातचीत कर मेल को लेकर रिपोर्ट तैयार की है। इस मामले में अब साइबर पुलिस को शिकायत दी जाएगी। मेल में अज्ञात व्यक्ति की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि दो से तीन पन्नों की यह शिकायत अस्पष्ट है। शिकायत में एक ट्यूटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। मेल दो दफा कॉलेज के अधिकृत मेल एड्रेस पर भेजी गई है।
इस बारे में कॉलेज प्रबंधन ने प्रशिक्षु एमबीबीएस से बातचीत की है लेकिन सभी ने शिकायत को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की है। अब मेल की सच्चाई जानने के लिए साइबर पुलिस से संपर्क करने का निर्णय लिया गया है। मेल में ट्यूटर की पीएचडी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि रैगिंग की कोई स्पष्ट बात भी मेल में नहीं लिखी गई है। मेडिकल कॉलेज चंबा और सैनिक स्कूल सुजानपुर में हाल ही में रैगिंग के मामले सामने आए हैं। ऐसे में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर मेल की सत्यता का पता लगाने में गंभीरता दिखा रहा है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती प्राचार्य ने कहा कि कमेटी ने जांच की है। इस मेल की सच्चाई जानने के लिए साइबर पुलिस को शिकायत दी जाएगी।