अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारी ने किया था महिला स्टाफ नर्स से दुर्व्यवहार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में महिला स्टाफ नर्स व मरीज के साथ अभद्र व्यवहार करने पर कंपनी ने अब कर्मचारी को नोटिस जारी किया है और उससे जवाब मांगा है। अस्पताल में एक आउटसोर्स कर्मचारी की ओर से अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स और एक मरीज के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया था। स्टाफ नर्स की ओर से एमएस को भी लिखित शिकायत कर दी गई थी। महिला स्टाफ नर्स का आरोप था कि कर्मचारी शराब के नशे में था।
इसपर एमएस ने भी संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करते हुए इसके लिए कारण बताओ नोटिस और कर्मचारी को यहां से हटाने के लिए कहा था। अब कंपनी ने कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। इस बारे में कार्यकारी एमएस डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि कंपनी ने कर्मचारी से जवाब तलब किया है।