हमीरपुर। जिले में सरकारी बसों में टांका मार कर कमाई करने वाले परिचालकों पर प्रबंधन की कार्रवाई जारी है। अब हमीरपुर कश्मीर बस रूट पर मंगलवार रात एक परिचालक को 72 रुपये का टांका लगाते हुए पकड़ा गया है। सोमवार को ही हमीरपुर जंदरू बस रूट पर पौहंज के पास एक परिचालक को सवारियों से पैसे लेकर टिकट न देने पर पकड़ा गया था। इस परिचालक को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, ताजा मामले में हमीरपुर कश्मीर बस रूट पर पकड़े गए परिचालक को चार्जशीट करने की तैयारी है। कायदे से 100 रुपये से अधिक टांका पाए जाने पर परिचालक को सीधे निलंबित कर दिया जाता है, जबकि राशि 100 रुपये से कम होने पर कर्मचारी को चार्जशीट कर मामले की विभागीय जांच की जाती है। ऐसे में अब हमीरपुर कश्मीर रूट पर टांका लगाते पकड़े गए इस परिचालक को जल्द ही चार्जशीट किया जाएगा। विभागीय जांच के बाद इस मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। पिछले दो माह में एक नहीं बल्कि कई स्थानों पर टांका लगाते हुए सरकारी बस चालकों को डिपो प्रबंधन की तरफ से पकड़ा गया है। दो परिचालकों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि अन्य परिचालकों के खिलाफ विभागीय जांच जारी है। एचआरटीसी डिपो हमीरपुर का निरीक्षण दस्ता डिप्टी डीएम राजकुमार पाठक की अगुआई में लगातार कई बस रूटों पर चेकिंग कर रहा है। इस निरीक्षण के दौरान कई परिचालक बसाें में टांका लगाते हुए पकड़े गए हैं।
कोट
एचआरटीसी डिपो हमीरपुर के डिप्टी डीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान हमीरपुर कश्मीर बस रूट पर कारगो नामक जगह पर परिचालक को पकड़ा गया है। 72 रुपये का अंतर टिकट में पाया गया है। मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।