तहसील बिझड़ी के पटवार वृत्त महारल में बंदोबस्त विभाग के सेटलमेंट में भारी खामियां बरतने का मामला उजागर हुआ है। इस मामले की शिकायत लोगों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पत्र लिखकर की है।
वृत्त के करीब 200 लोगों ने स्थानीय पंचायत की ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री, जिलाधीश हमीरपुर और बंदोबस्त अधिकारी धर्मशाला को इन खामियों को दूर करने के लिए पत्र लिखा है।
स्थानीय लोगों ओंकार सिंह, सुभाष चंद, भंडारी राम, छांगा राम, बुद्धि सिंह, राकेश कुमार, कर्मचंद, राजेश कुमार, सत्या देवी, कमला देवी और पवन कुमार ने बंदोबस्त विभाग पर आरोप लगाए हैं कि महारल वृत्त में 2008-2009 में हुए बंदोबस्त में भारी खामियां देखने को मिल रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने बंदोबस्त के दौरान सदियों से चले आ रहे रास्तों को मौका पर कायम नहीं किया गया है। इस वजह से लोगों ने कई रास्ते आवाजाही के लिए बंद कर दिए हैं।
लोगों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि महारल वृत्त में या तो दोबारा सेटलमेंट किया जाए या फिर बंदोबस्त में हुई कमियों का हल निकाला जाए। उनका कहना है कि समय रहते यदि इस गलती का सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कई और रास्ते भी बंद हो सकते हैं।
नायब तहसीलदार चरण नेगी सिंह का कहना है कि स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर उच्चाधिकारियों ने मौके पर जाकर समस्या के निवारण के आदेश जारी किए हैं। इसके लिए विभाग ने 28 सितंबर का दिन तय किया है।