भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की हनोह ग्राम पंचायत के जड़ोह गांव के अंकुश शर्मा ने ब्लैक कैट कमांडो राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की परीक्षा देहरादून से उत्तीर्ण की है। अंकुश शर्मा वर्ष 2019 में आईटीबीपी में भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण के दौरान अंकुश शर्मा बेस्ट फायर कमांडो भी रहे हैं। इस उपलब्धि पर अंकुश शर्मा के परिवारजनों व ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। अंकुश शर्मा ने स्कूली शिक्षा दसवीं तक शांति निकेतन पब्लिक स्कूल भरेड़ी व जमा दो पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरेड़ी से पास की।
उनके पिता स्वर्गीय सुरेश चंद भी आईटीबीपी में सब इंस्पेक्टर सेवारत रहे हैं। हनोह पंचायत प्रधान बोहरा राम, उपप्रधान संदेश कुमार, धर्म चंद शर्मा आदि ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड एनएसजी की स्थापना आतंकवाद के निपटने के लिए की गई है। यह भारत सरकार का प्राथमिक आतंकवाद विरोधी दल है। एनएसजी गृह मंत्रालय के अधीन आता है और इसकी स्थापना 16 अक्तूबर 1984 को की गई थी।