हमीरपुर। जिला बिलासपुर में सैकड़ों सुअरों के अफ्रीकी स्वाइन फीवर के चपेट में आने के बाद पशुपालन विभाग हमीरपुर भी सतर्क हो गया है। पशुपालन विभाग ने सुअर पालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला में करीब 25 लोगों की ओर से लगभग 200 सुअर पाले जा रहे हैं। पशुपालन विभाग ने सुअर पालकों को निर्देश दिए हैं कि सुअर बीमार होने की सूचना से तुरंत पशुपालन विभाग को अवगत करवाया जाए। गौर रहे कि करीब डेढ़ साल पहले उपमंडल भोरंज के जाहू में 50 से अधिक सुअरों में अफ्रीकी स्वाइन फीवर पाया गया था, जिस कारण मौत हो गई थी। उसके बाद सुअरों की खरीद पर प्रतिबंध लगा दिया था।
उधर पशुपालन विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डॉ. कतना और सहायक निदेशक परियोजना डॉ. सतीश वर्मा ने कहा कि जिला हमीरपुर में सुअरों के अफ्रीकी स्वाइन फीवर का कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि सुअर पालकों को निर्देश दिए हैं कि सुअरों की समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए।
अफ्रीकी स्वाइन फीवर के लक्षण
-तेज बुखार आना
-सांस लेने में मुश्किल
-कमजोरी और मांसपेशियों में दर्द
-दस्त और उसमें खून आना