हमीरपुर। आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन (संबंधित सीटू) ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है। यूनियन 23 अक्तूबर को प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगी।
सीटू के राज्य सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि प्रदर्शन के दौरान उपमंडलाधिकारियों (एसडीएम) के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा जल्द लागू करने की मांग उठाई जाएगी।
डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट सत्र के दौरान आंगनबाड़ी वर्कर्ज और हेल्पर के मानदेय में अप्रैल 2026 से प्रतिमाह एक हजार रुपये की बढ़ोतरी करने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि दिवाली से पहले मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि चीनी, प्याज, दालों, रसोई गैस और सब्जियों सहित रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
इसके बावजूद आंगनबाड़ी कर्मचारियों को घोषित बढ़ोतरी का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर्ज और हेल्पर को पेंशन, ग्रेच्युटी, ईपीएफ और मेडिकल सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं।
यूनियन ने सरकार से दिवाली से पहले प्रतिमाह एक हजार रुपये की घोषित मानदेय बढ़ोतरी लागू करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल करने की चेतावनी दी गई है।