भोरंज अस्पताल में अस्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ करती विधायक कमलेश कुमारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
अब भोरंज अस्पताल में भी होंगे अल्ट्रासांउड
विधायक ने अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन का किया शुभारंभ
पूर्व में लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए खानी पड़ती थी ठोकरें
अमर उजाला ब्यूरो
भोरंज/अवाहदेवी (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल भोरंज में मंगलवार को अल्ट्रासांउड मशीन का शुभारंभ विधायक कमलेश कुमारी ने किया। अब भोरंज अस्पताल में भी लोगों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलेगी। इससे पूर्व अस्पताल में कई माह से अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे थे। मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए हमीरपुर या दिम्मी जाने को मजबूर होना पड़ता था। अब लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। सबसे ज्यादा सुविधा गर्भवती महिलाओं को होगी।
इस अवसर पर विधायक ने इलाकावासियों को बधाई दी और कहा कि लोगों ने उन्हें विधायक चुना है और उनकी सेवा ही उनकी प्राथमिकता है। अस्पताल के उत्थान के लिए उनके प्रयास लगातार जारी हैं ताकि, लोगों को स्वास्थ्य संबंधी हर सुविधा मिल सके। विधायक के प्रयास से ही 100 बिस्तर सहित फर्स्ट रेफरल यूनिट का दर्जा मिला और इसके भवन का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है जोकि 11 करोड़ की लागत से बनेगा। अस्पताल की अन्य कोई भी जरूरत होगी तो उसका निदान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. ललित कालिया, अशोक ठाकुर, ग्राम केंद्र अध्यक्ष ज्ञान चंद, वीरेंद्र, अजय आदि उपस्थित रहे।