एनेस्थेटिक स्प्रे पर लिखी एक्सपायरी तिथि। स्रोत : जागरूक पाठक
- फोटो : 1
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चकमोह में एक्सपायरी एनेस्थेटिक स्प्रे के इस्तेमाल का मामला सामने आया है।
भाजपा जिला सोशल मीडिया सह संयोजक अशोक शर्मा ने आरोप लगाया है कि दांतों के उपचार में इस्तेमाल किए जा रहे स्प्रे की वैधता दिसंबर 2024 में समाप्त हो चुकी है, जबकि दवा पर अंकित एक्सपायरी तिथि में कथित तौर पर बदलाव कर वर्ष 2026 दर्शाया गया है।
मीडिया को दिए बयान में अशोक शर्मा ने इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हमीरपुर को शिकायत भी सौंपी है।
अशोक शर्मा ने दवा की तस्वीरें दिखाते हुए आरोप लगाया कि पीएचसी में दांतों के उपचार के दौरान मरीजों के मसूड़ों को सुन्न करने के लिए इस स्प्रे का इस्तेमाल किया जा रहा है और इसकी एक्सपायरी तिथि से छेड़छाड़ की गई है।
वहीं, अस्पताल में कार्यरत दंत चिकित्सक नेहा शर्मा ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए एक्सपायरी दवाइयों का इस्तेमाल नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से छुट्टी पर थीं। उनकी अनुपस्थिति में यदि ऐसा कुछ हुआ है तो उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
एनेस्थेटिक स्प्रे पर लिखी एक्सपायरी तिथि। स्रोत : जागरूक पाठक- फोटो : 1