नादौन (हमीरपुर)। थाना नादौन के तहत निर्माण कार्य के नाम पर कथित धोखाधड़ी और धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। पुलिस ने नगर परिषद नादौन के वार्ड नंबर पांच निवासी अमन सेठी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर एक व्यावसायिक परिसर का निर्माण करवा रहे थे। इसके लिए एक व्यक्ति के साथ समझौता किया गया था। निर्माण कार्य के लिए मशीनरी और वाहनों की खरीद के नाम पर आरोपी को 80 लाख रुपये दिए गए।
इसके बाद जून से अगस्त 2026 के बीच निर्माण सामग्री, मजदूरों के भुगतान और शटरिंग के किराये समेत अन्य खर्चों के लिए भी आरोपी ने धन की मांग की। शिकायत के अनुसार इस दौरान करीब 93 लाख रुपये अतिरिक्त दिए गए।
सितंबर के पहले सप्ताह में निर्माण कार्य बंद हो गया। आरोप है कि मजदूरों और शटरिंग का भुगतान नहीं किया गया। साथ ही एक टिपर ट्रक तीसरे पक्ष को बेच दिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने कुछ मशीनरी और वाहन वापस करने और नुकसान की भरपाई के लिए 23 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन वह बाउंस हो गया। निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने का आश्वासन भी पूरा नहीं हुआ। शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
कोट
आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में धन के लेन-देन, मशीनरी और वाहनों की खरीद-बिक्री समेत अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर