बस्सी-तताहर सड़क पर कक्कड़ स्थित लींड़ी खड्ड पुल का सबस्ट्रक्चर तैयार करते मजदूर। स्रोत : जागरू
जाहू (हमीरपुर)। मंडी के सरकाघाट और हमीरपुर के भोरंज उपमंडल को जोड़ने वाली करीब 11 किलोमीटर लंबी बस्सी-तताहर सड़क पर निर्माणाधीन तीनों पुलों का कार्य अक्तूबर-नवंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।
बरसात के दौरान मौसम अनुकूल रहने पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि पुलों की स्लैब बारिश समाप्त होने के बाद डाली जाएंगी। लोक निर्माण विभाग, मंडल भोरंज के भरेड़ी अनुभाग के तहत नगरोटा खड्ड बाजार स्थित चैंथ खड्ड, कक्कड़ के समीप लींड़ी खड्ड और डली में सीर खड्ड पर करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से तीन आधुनिक पुलों का निर्माण किया जा रहा है।
डली में 4.16 करोड़ रुपये की लागत से 44.33 मीटर, नगरोटा खड्ड बाजार में 4.52 करोड़ रुपये की लागत से 33.38 मीटर और कक्कड़ के समीप करीब चार करोड़ रुपये की लागत से तीसरे पुल का निर्माण जारी है। फिलहाल तीनों पुलों का सबस्ट्रक्चर (नींव की संरचना) तैयार किया जा रहा है।
प्रत्येक पुल की ऊंचाई करीब 11.50 मीटर और चौड़ाई 7.50 मीटर होगी। साथ ही पांच फुट चौड़ा पैदल मार्ग भी बनाया जाएगा। पुलों के निर्माण से भविष्य में करीब 35 से 40 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
साथ ही मंडी और हमीरपुर जिलों के बीच संपर्क भी और अधिक मजबूत होगा।
कोट
तीनों पुलों का सबस्ट्रक्चर तेजी से तैयार किया जा रहा है। कक्कड़ स्थित लींड़ी खड्ड पुल का सबस्ट्रक्चर खड्ड के स्तर तक पहुंच चुका है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो तीनों पुलों का निर्माण अक्तूबर-नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
-प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज अनुभाग भरेड़ी