संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में 23 फरवरी को एक से 19 साल तक के सभी बच्चों, किशोरों को कृमि नाशक दवाई एल्बेंडाजोल दी जाएगी। एक से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।
वहीं, जो बच्चे व किशोर छूट जाएंगे, उन्हें 28 फरवरी को दवा दी जाएगी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आशा वर्करों, स्वास्थ्य कर्मचारियों आदि की ड्यूटी लगाई जाएगी।
जिला में एक से 19 साल तक के 1,10,309 बच्चों और किशोरों को दवाई दी जाएगी। इनमें से एक से पांच वर्ष तक के 24,748 बच्चों को विटामिन-ए की दवाई भी दी जाएगी। बच्चों में आंखों की समस्याओं के निवारण के लिए यह दवाई बहुत जरूरी है।
वहीं, प्रवासी बच्चे और किन्हीं कारणों से स्कूल छोड़ चुके बच्चे भी इस अभियान में विशेष रूप से कवर किए जाएंगे।
बच्चे के पेट में कृमि होने पर उसका शारीरिक विकास प्रभावित हो सकता है। वह अनीमिया जैसी बीमारी की चपेट में भी आ सकता है, इसलिए 19 वर्ष तक के हर बच्चे एवं युवा के लिए कृमिनाशक दवाई बहुत ही जरूरी है।