जाहू (हमीरपुर)। गलवां घाटी में शहीद अकुंश ठाकुर की शहादत का बदला लेने के लिए जाहू के दुकानदारों ने चीनी सामान का पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया। दुकानदार चीन में निर्मित सामान को न तो खरीदेंगे और न ही बेचेंगे। दुकानदारों ने सामूहिक रूप से निर्णय लेकर यह ऐलान किया।
भोरंज उपमंडल का जाहू बाजार तीन जिलों हमीरपुर, मंडी और बिलासपुर के संगम स्थल पर है। यहां पर बड़े पैमाने पर दुकानदारों का कारोबार होता है। सैनिकों की शहादत के बाद गुस्साए दुकानदारों ने दुकानों से चीनी सामान पूरी तरह से हटा दिया। जूतों से लेकर खिलौने और अन्य चीनी सामान कहीं भी दिखाई नहीं दे रहा है। दुकानों में आत्मनिर्भर भारत का सामान दुकानों में रखना शुरू कर दिया।
जाहू व्यापार मंडल के अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान ने कहा कि जाहू बाजार में चीन में बनी सभी वस्तुओं का पूरी तरह से बहिष्कार कर दिया गया। कोई भी दुकानदार दुकान में चीन में निर्मित वस्तु नहीं बेचेगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों की शहादत और दगेबाज चीन से बदला लेने के लिए उसकी आर्थिक स्थिति को कमजोर करने का अच्छा मौका है। कड़ोहता में पूर्व प्रधान वीर सिंह राणौत, कुलदीप सिंह, वार्ड सदस्य विनोद सोनी, विचित्र सिंह, सूरम सिंह, अशोक वर्मा और अशोक कुमार ने चीनी सामान के बहिष्कार की शपथ ग्रहण की।