हाईकोर्ट में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय लेने की अपील
दो दिन पूर्व तीन पार्षदों को नगर परिषद अध्यक्ष हमीरपुर ने भेजे थे लीगल नोटिस
अब तीनों पार्षद पहुंचे हाईकोर्ट, नहीं थम रही नगर परिषद के पार्षदों की अंतर्कलह
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर में पार्षदों की अंतर्कलह अब हाईकोर्ट तक पहुंच गई है। परिषद के अध्यक्ष की ओर से लीगल नोटिस देने के बाद अब तीनों पार्षद हाइकोर्ट पहुंच गए हैं। हाईकोर्ट में तीनों पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की अपील की है। पार्षदों ने गुहार लगाई है कि यहां पर हाउस की बैठक करवाई जाए। अगर अध्यक्ष के साथ छह पार्षद हैं तो वे साबित करें। जब 25 जुलाई को अध्यक्ष उपायुक्त के पास गए थे तो उनके साथ महज दो पार्षद थे, जबकि उनके साथ छह पार्षद हैं। 26 जुलाई को जब नगर परिषद की बैठक की गई तो उसमें क्यों पार्षद नहीं पहुंचे और क्यों बैठक स्थगित करनी पड़ी। अब उनके साथ कौन छह पार्षद हैं इसकी वेरिफिकेशन होनी चाहिए। उधर, नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने भी तीन पार्षदों को लीगल नोटिस जारी किए थे। इस लीगल नोटिस के जरिये पार्षदों पर मानसिक प्रताड़ना, झूठे आरोप लगाने और अविश्वास प्रस्ताव की धमकी दिए जाने के आरोप लगाए हैं।
गोर हो कि पिछले दिनों नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने में ये पार्षद शामिल थे। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव से छिड़ी कुर्सी की लड़ाई अब हाईकोर्ट तक पहुंच गई है। बीते मार्च में आदर्श आचार संहिता से पूर्व नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास के खिलाफ नगर परिषद के 11 में से 10 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। इस प्रस्ताव पर आचार संहिता के चलते जुलाई तक चर्चा नहीं हो सकी। बाद में छह पार्षदों के हस्ताक्षर वाला पत्र डीसी हमीरपुर को नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष की ओर से जुलाई में सौंपा गया। इसमें अविश्वास प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग उठाई गई। इस दिन ही शाम को सात पार्षदों ने दोबारा अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा बैठक बुलाने की मांग के लिए डीसी हमीरपुर को पत्र सौंपा। इस विषय पर कानूनी राय लेने के बाद जिला प्रशासन ने अविश्वास प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है लेकिन उपाध्यक्ष सहित छह-छह पार्षदों ने दोबारा अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की मांग की है। इस बीच अब नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष की ओर से तीन पार्षदों को लीगल नोटिस जारी किए गए और अब यह तीनों पार्षद हाईकोर्ट में पहुंच गए हैं और वहां पर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की अपील की है।
कोट्स
इस बारे में वार्ड आठ के पार्षद विनय ने कहा कि हाईकोर्ट मेें अपील की गई है कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हो और हाउस बुलाया जाए। हाउस में इस मुद्दे पर निर्णय लिया जाए। वहीं वार्ड 11 के पार्षद वकील सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट में अपील की गई है, इस बारे में वार्ड आठ के पार्षद ही बता सकते हैं।