बड़सर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कड़साई के कलवाड़ा में लापता हुई सात वर्षीय बच्ची नायरा की तलाश में पहुंची मंडी की एसडीआरएफ की टीम को भी बच्ची का सुराग नहीं लग पाया है।
ड्राेन के बाद एसडीआरएफ की टीम बच्ची की तलाश के लिए कलवाड़ा पहुंचीए तो परिजनों को उम्मीद थी कि उनकी बच्ची मिल जाएगी, लेकिन शाम को बच्ची के न मिलने पर परिजनों को निराशा ही हाथ लगी।
बच्ची की तलाश के लिए चार टीमें लगातार जुटी हुई हैं, जिनमें बड़सर पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), वन विभाग और स्थानीय लोगों की टीम शामिल है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बच्ची तीन दिन पहले अपने घर से बाहर निकली और अचानक लापता हो गई। काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं भी कोई पता नहीं चल पाया। बड़सर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सर्च अभियान शुरू कर दिया।
पहले चरण में पुलिस और स्थानीय लोगों ने आसपास के खेतों, जंगलों और नालों में तलाश की। ड्रोन की मदद से भी इलाके की निगरानी की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सर्च अभियान को और तेज कर दिया है। सभी टीमें मिलकर संभावित हर स्थान पर गहन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
कोट :
पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और सर्च अभियान लगातार जारी है। बच्ची की जल्द बरामदगी के लिए सभी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही हैं।
-लालमन शर्मा, डीएसपी बड़सर