हमीरपुर। जिले में इस बार सावन का पूजन 16 जुलाई से शुरू होगा। जिला मुख्यालय में स्थित शिव मंदिर के साथ दो अतिरिक्त धार्मिक स्थलों में इस बार पूजन संक्रांति के अनुसार ही किया जाएगा।
दोनों मंदिर कमेटियों ने पूजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंदिर में पूजन के साथ भंडारे आयोजित किए जाएंगे। विकास खंड बिझड़ी के अंतर्गत शिवपुरी धाम समताना में सावन माह में नित्य हवन शुरू होगा। इसमें समताना गांव के साथ आसपास के गांवों से लोग प्रतिदिन मंदिर में आकर भगवान शिव का पूजन करके हवन में आहुतियां डालेंगे। इसके साथ मंदिर में सुबह 7:00, 9:00 और 11:00 बजे तक ओम का जाप किया जाएगा।
16 जुलाई को धाम स्थल पर भव्य हवन आयोजित होगा। इसमें ग्रामीण आचार्यों के साथ मिलकर पूरे माह में किए पूजन को लेकर पूर्णाहुति डालेंगे। इसके बाद धाम में भंडारा आयोजित किया जाएगा। धाम के मुख्य आचार्य आशीष शर्मा ने कहा कि सावन माह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार पूजन संक्रांति के बाद ही किया जाएगा।
वहीं, उपमंडल हमीरपुर के अंतर्गत गसोता महादेव मंदिर में भी शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होगा। 24 जुलाई तक प्रस्तावित कथा में कथा ब्यास आचार्य शिवराम भट्ट शिव लीलाओं का वर्णन करेंगे। गसोता मंदिर के महंत राघवानंद महाराज ने कहा कि मंदिर में सावन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। संक्राति के बाद ही सावन का पूजन शुरू होगा।
कोट
विवाह-शादियों के लिए शुभ मुहुर्त है, लेकिन हिंदू मान्यता के अनुसार संक्रांति के बाद ही सावन माह शुरू होता है। मंदिरों में 21 जुलाई को सावन माह के पहले सोमवार का पूजन होगा। माह का समापन अगस्त 16 को होगा।
-पंडित मुरलीधर शास्त्री