इंदौरा (कांगड़ा)। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नूरपुर डीसी वर्मा ने बुधवार को पुलिस थाना इंदौरा और पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस कर्मियों को नशे के कारोबार, विशेषकर चिट्टा तस्करी और अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एएसपी ने ठाकुरद्वारा में स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के मित्रों और उनके मेलजोल पर विशेष नजर रखें। उन्होंने कि नशा पूरे समाज को बर्बाद कर देता है, इसलिए परिवार को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके बच्चे सुरक्षित परिवेश में रहें।
एएसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है, लेकिन इसे सफल बनाने के लिए आम जनता का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस जंग में पुलिस का साथ दें, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके। बैठक के दौरान उन्होंने थाना व चौकी के रिकॉर्ड और अन्य व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया।