संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बुधवार से शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू होते ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) पाठ्यक्रम संचालित स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूलों में पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर विद्यार्थियों को दाखिला दिया जा रहा है।
जिला मुख्यालय में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में सत्र के पहले दिन 80 विद्यार्थियों ने छठी से लेकर बारहवीं कक्षा तक दाखिला लिया।
सुबह साढ़े आठ बजे ही अभिभावक बच्चों को लेकर स्कूल पहुंच गए थे। नौ बजे स्कूल खुलने के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई जो दोपहर तीन बजे तक जारी रही। दाखिले के लिए स्कूल प्रशासन ने 10 स्थान चिन्हित किए थे ताकि विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो।
स्कूल में शिक्षा विभाग की ओर से सेक्शन वाइज सीटें तय की हैं। प्रत्येक सेक्शन में 45-45 सीटें होंगी। स्कूल में छठी व सातवीं में दो, आठवीं, नौवीं व दसवीं में तीन और 11वीं व 12वीं कक्षा में पांच-पांच सेक्शन बनाए गए हैं। स्कूल में 10 अप्रैल तक दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी। दाखिले को लेकर अभिभावकों में काफी उत्साह दिख रहा है।
स्कूल में शिक्षा विभाग की ओर से सीबीएसई पाठ्यक्रम संचालित किया गया है। दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है जो 10 अप्रैल तक जारी रहेगी। पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर विद्यार्थियों को दाखिला प्रदान किया जा रहा है।
-मुश्ताक मोहम्मद, प्रधानाचार्य, हमीरपुर स्कूल