संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। टीबी मुक्त अभियान के तहत एक्स-रे स्क्रीनिंग शिविर में बीपी और शुगर की भी जांच की जा रही है। जिले के तीन स्वास्थ्य खंडों टौणी देवी, गलोड़ और भोरंज में शिविर लगाए जा रहे हैं। 100 दिन के इस अभियान में गैर संचारी रोगों की समय रहते पहचान कर उनका प्रभावी इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। हर स्वास्थ्य खंड में पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन से स्क्रीनिंग की जा रही है। 15 दिन के बाद यह मशीन अन्य स्वास्थ्य खंडों में जाएगी।
जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 432 गांवों के करीब 1.70 लाख लोगों के एक्स-रे करने का लक्ष्य रखा है। स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न टीमों का गठन किया। इन टीमों में आशा कार्यकर्ता, सीएचओ सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल हैं।
हालांकि, पहले टीबी मुक्त अभियान में केवल एक्स-रे किए जाते थे। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अभियान से न केवल बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
टीबी मुक्त राज्य बनाने के लिए यह अभियान महत्वपूर्ण है। टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है। अगर इसका समय पर पता लग जाए तो मरीज बहुत जल्दी ठीक हो जाता है।
-डॉ. प्रवीण चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हमीरपुर